Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में एक महिला पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक वीर सिंह उर्फ बच्चा उर्फ पंडित ने घर के बाहर बैठी महिला पर तीन राउंड गोली चलाई। हालांकि महिला बाल-बाल बच गईं और किसी को गोली नहीं लगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले में नामदा बस्ती ए-ब्लॉक निवासी अमन सिंह ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाई को गलत संगत से बचाने पर बढ़ा विवाद
शिकायतकर्ता अमन सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी वीर सिंह उसके भाई विक्की सिंह को गलत संगत और नशे की ओर ले जा रहा था। इसे लेकर उसने अपने भाई को वीर सिंह से दूरी बनाने की सलाह दी थी। बताया जा रहा है कि 25 मई को इसी बात को लेकर अमन और वीर सिंह के बीच विवाद भी हुआ था। अमन का आरोप है कि उसने वीर सिंह को भी उसके भाई से दूर रहने को कहा था, जिससे वह नाराज हो गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड के 11 हजार नवनियुक्त सहायक आचार्यों को 31 मई तक मिलेगा वेतन
घर के बाहर बैठी मां पर चलाई गोली
शिकायत के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:15 बजे वीर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिल से अमन के घर पहुंचा। उस समय अमन की मां घर के बाहर बैठी थीं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उनकी ओर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर अमन मौके पर पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि भागने के दौरान वीर सिंह ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
रंगदारी मांगने का भी आरोप
इधर, आरोपी वीर सिंह पर नामदा बस्ती के एक कारोबारी से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप भी लगा है। कारोबारी ने इस संबंध में गोलमुरी पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।