Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित बोडो इलाके में पुलिस ने देह व्यापार के एक रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। मामले में एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पीड़ित लड़कियां सगी जुड़वां बहनें हैं। उन्हें नौकरी और अच्छी कमाई का झांसा देकर गिरिडीह लाया गया था। आरोप है कि यहां लाने के बाद उन्हें एक कमरे में रखकर जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की जा रही थी।
लड़कियों ने हिम्मत दिखाकर पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, मौका मिलने पर दोनों लड़कियों ने किसी तरह पचंबा थाना पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छापेमारी के दौरान आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान रांची की इंस्टीट्यूशनल एथिक्स कमेटी की पहली बैठक संपन्न
लंबे समय से चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला किराए के कमरे में लंबे समय से यह अवैध धंधा चला रही थी। स्थानीय लोगों को शक होने पर वह अक्सर अपना ठिकाना बदल लिया करती थी। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस रैकेट में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।