Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को जिले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और लोगों में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। मार्च में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च की शुरुआत सिदो-कान्हू मुर्मु पार्क से हुई। इसके बाद यह शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंबेडकर चौक तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि बकरीद का त्योहार सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
यह भी पढ़ें :विधानसभा कर्मी अंजना तिवारी की मौत पर गरमाई सियासत, जयराम महतो ने मांगी 5 विधायकों की जांच कमिटी
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि बकरीद को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने आम लोगों से भी शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
Reporter | Samachar Post