Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को राहत देने के लिए विशेष पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और व्यस्त सड़कों पर अस्थायी छायादार शेड लगाए गए हैं, ताकि तेज धूप में खड़े लोगों को कुछ राहत मिल सके। यह व्यवस्था खासकर दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को ध्यान में रखते हुए की गई है, क्योंकि भीषण गर्मी में ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा था।
ज्यादा ट्रैफिक वाले इलाकों में लगाए गए शेड
प्रशासन की ओर से उन स्थानों का चयन किया गया है जहां ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है और लोगों को सिग्नल पर ज्यादा देर तक इंतजार करना पड़ता है। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया है कि शेड लगाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी रहे। इसके लिए ट्रैफिक होल्डिंग टाइम को ध्यान में रखते हुए स्थान तय किए गए हैं।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में रेलवे केबल चोरी का खुलासा, पतरातू से तीन आरोपी गिरफ्तार
बाइक चालकों और राहगीरों को मिलेगी राहत
गर्मी के मौसम में सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों और पैदल चलने वाले लोगों को होती है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नलों पर लगाए गए ये छायादार शेड लोगों को कुछ देर के लिए धूप से राहत देने का काम करेंगे।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। लोगों से हल्के कपड़े पहनने, लंबे समय तक धूप में नहीं रहने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की अपील की गई है। धनबाद में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त इंतजाम किए जा सकते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।