Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : चाईबासा में पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में की गई, जहां पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर 20 किलो पोस्ता, दो बाइक और 7 लाख रुपये नकद बरामद किए। कार्रवाई टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी के नेतृत्व में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रोगोद गांव में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए कुछ लोग आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर अभियान चलाया।
भागने की कोशिश कर रहे तस्करों को पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोगोद गांव निवासी बुद्धनाथ पूरती (38), सोमा हास्सा पूरती (26) और कोटागढ़ा गांव निवासी मांगरा हुनी पूरती (22) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: सिमडेगा में निजी स्कूलों की मनमानी पर DC सख्त, अतिरिक्त फीस लौटाने का आदेश
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27(a), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। टेबो थाना प्रभारी ने बताया कि जिले के एसपी के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के मुताबिक टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है। जांच में यह बात सामने आई है कि कई जगहों पर जंगलों के भीतर छिपकर अफीम की खेती की जाती है और इससे जुड़े तस्करी नेटवर्क सक्रिय हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।