Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। कभी साइबर ठगी के गढ़ के रूप में चर्चित रहे जिले में अब पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। वर्ष 2023 से लेकर 2026 के शुरुआती महीनों तक जामताड़ा पुलिस ने 701 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस की तकनीकी निगरानी और लगातार छापेमारी अभियान के चलते कई बड़े गिरोहों का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान अपराधियों के पास से 1 करोड़ 21 लाख 98 हजार 860 रुपये नकद, 2109 मोबाइल फोन और 3425 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
वर्ष 2023 में 211 अपराधी गिरफ्तार
वर्ष 2023 में पुलिस ने कुल 75 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए थे। इस दौरान 211 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।कार्रवाई में 585 मोबाइल, 948 सिम कार्ड, 122 एटीएम कार्ड, 15 पासबुक, 13 चेकबुक, 12 पॉश मशीन, 34 बाइक, 5 चारपहिया वाहन और 22.39 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें: उमस और बिजली कटौती से परेशान रांचीवासी, एसी-इनवर्टर की खरीदारी बढ़ी
2024 में बढ़ी कार्रवाई
वर्ष 2024 में 80 मामले दर्ज कर 222 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 735 मोबाइल, 1069 सिम कार्ड, 123 एटीएम, 56 पासबुक, 47 पैन कार्ड, 62 आधार कार्ड और 28.59 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा कई बाइक और वाहन भी बरामद हुए।
2025 में सबसे ज्यादा नकदी बरामद
वर्ष 2025 में पुलिस ने 76 मामले दर्ज कर 210 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान सबसे अधिक 61.84 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने 654 मोबाइल, 1253 सिम कार्ड, 143 एटीएम कार्ड, 9 लैपटॉप, 2 ड्रोन सेट, 34 बाइक और 6 चारपहिया वाहन भी जब्त किए। जांच में अपराधियों के पास से इंडिगो फ्लाइट टिकट और कैमरा लेंस जैसी वस्तुएं भी मिलीं, जो उनके बदलते लाइफस्टाइल की ओर इशारा करती हैं। चालू वर्ष 2026 में अब तक 26 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 58 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 135 मोबाइल, 156 सिम कार्ड, 5 एटीएम, 1 लैपटॉप, 6 बाइक और 9.15 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जामताड़ा पुलिस लगातार विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान चला रही है। हाल के वर्षों में कई अंतरराज्यीय गिरोहों का भी भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऑनलाइन ठगी की जानकारी तुरंत नजदीकी साइबर थाने को देने को कहा गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।