Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बरियारपुर गांव के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मंझलाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय रज्जाक अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रज्जाक अंसारी किसी काम से अपने गांव मंझलाडीह से नारायणपुर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर हालत में धनबाद रेफर
टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें: बोकारो में जयराम प्रसाद पर फायरिंग, जमीन विवाद में हमले की आशंका
भागने की कोशिश में था कार चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नारायणपुर बस स्टैंड मोड़ के पास स्विफ्ट डिजायर कार को पकड़ लिया। घटना से नाराज लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी की।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद घायल युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।