Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग से आहत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान मोतीलदा निवासी संजय रजक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था और दोनों साथ रह रहे थे। युवक का आरोप है कि युवती ने उससे शादी और साथ निभाने का वादा किया था, लेकिन बाद में मुकर गई।
युवती पर केस दर्ज कराने का आरोप
संजय रजक का कहना है कि युवती ने उसके खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करा दी है। इसी बात से परेशान होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से इंसाफ की मांग करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक टावर पर चढ़कर मोबाइल फोन के जरिए अपनी बात मां और पुलिस के सामने रखता रहा।
यह भी पढ़ें: ऑमलेट बनाने से इनकार किया तो महिला का ढाबा फूंका, दो बकरियां भी जिंदा जलीं
मौके पर लगी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ। पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।
युवक को सुरक्षित उतारने में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक को समझाने और शांत कराने में जुटे रहे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।