Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा :गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मकुंदी दिकवानी गांव में तीन साल की मासूम बच्ची निशा सोरेन की हत्या कर दी गई। बच्ची गांव निवासी रमेश सोरेन की बेटी थी जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर निशा घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पहले आसपास उसकी तलाश की, लेकिन जब काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला तो ग्रामीण भी खोजबीन में जुट गए।
यह भी पढ़ें :सरायकेला के कान्दरबेड़ा नाव घाट में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
संदिग्ध युवक के बोरे से मिला शव
देर रात गांव के कुछ लोगों ने एक युवक को संदिग्ध हालत में बोरी लेकर जाते देखा। उसके व्यवहार पर शक होने के बाद ग्रामीणों ने उसे रोक लिया और बोरे की तलाशी ली। बोरी खुलते ही लोगों के होश उड़ गए। अंदर लापता मासूम निशा का शव मिला। यह दृश्य देखते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की पिटाई की
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी प्रेम मुर्मू को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर इस मामले में जर्मन सोरेन का नाम भी लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने दूसरे आरोपी को भी पकड़ लिया और उसकी भी पिटाई कर दी। दोनों आरोपियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला हालात
घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस गांव पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहीं बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुफ्फसिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा ने बताया कि दोनों आरोपी बच्ची के पड़ोसी हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। तीन साल की मासूम के साथ हुई इस क्रूर वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Reporter | Samachar Post