Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पर झारखंड और ओडिशा के कई थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने सोमवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गालुडीह थाना में दर्ज वाहन चोरी मामले की जांच के दौरान यह सफलता मिली।
यह भी पढ़ें :देवघर में जल्द खुलेगा मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पतालों में बनेंगे बेबी वार्ड और ICU: इरफान अंसारी
विंगर वैन चोरी मामले से जुड़ा है मामला
पुलिस के अनुसार, यह मामला 28 दिसंबर 2025 की रात चोरी हुई विंगर वैन (WB 25 F 7922) से जुड़ा है। इस केस में पुलिस पहले ही मांझीया टुडू उर्फ प्रेम टुडू और सत्यवान कुम्भकार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। चोरी की गई विंगर वैन भी बरामद कर ली गई थी। हालांकि मामले का एक अन्य आरोपी बिरसन मुण्डा लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
गुप्त सूचना पर घर से दबोचा गया आरोपी
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित मुटुडा गांव में अपने घर पर छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी बिरसन मुण्डा उर्फ बिरसेन मुण्डा (26) को गिरफ्तार कर लिया।
तीन चोरी के वाहन बरामद
पुलिस पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन से तीन चोरी के वाहन बरामद किए गए। इनमें शामिल हैं स्प्लेंडर प्रो बाइक (JH 05 BD 2504), लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे बाइक, सफेद-नीले रंग की होंडा डियो स्कूटी है। जांच में सामने आया कि टीवीएस अपाचे पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने असली नंबर प्लेट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
ओडिशा के कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में पता चला कि टीवीएस अपाचे बाइक चोरी का मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले के तिरिंग थाना में दर्ज है। वहीं होंडा डियो स्कूटी की चोरी बहलदा थाना क्षेत्र से हुई थी। बरामद स्प्लेंडर बाइक को लेकर गालुडीह थाना में पहले से सनहा दर्ज है। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को शक है कि वह झारखंड-ओडिशा सीमा पर सक्रिय बड़े वाहन चोर गिरोह का हिस्सा है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ खरसावां, ईचागढ़, कवाली और ओडिशा के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। ओडिशा पुलिस ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया हुआ था।
Reporter | Samachar Post