Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार की राजधानी पटना में तेज आंधी-तूफान और बारिश का असर अब पटना जू पर भी देखने को मिला है। खराब मौसम और भारी नुकसान के कारण जू को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 52 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब पटना जू लगातार दो दिनों तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा। शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान में जू परिसर के अंदर 30 से अधिक बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए। इससे पूरे परिसर में अव्यवस्था फैल गई और कई रास्ते बाधित हो गए। गिरे हुए पेड़ों के कारण जू के अंदर आवाजाही प्रभावित हुई है, जिसके चलते प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से रविवार और सोमवार को जू बंद रखने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें :धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वारदात से पहले 4 अपराधी हथियारों के साथ गिरफ्तार
200 से ज्यादा कर्मचारी सफाई में जुटे
हेमंत पाटिल ने बताया कि पूरे जू परिसर में युद्धस्तर पर साफ-सफाई और रास्तों को बहाल करने का काम चल रहा है। इसके लिए 200 से अधिक कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता रास्तों को साफ करना और परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है। जू प्रशासन के मुताबिक आंधी-तूफान के बावजूद किसी भी जानवर के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी वन्यजीव पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल आम लोगों की एंट्री दो दिनों के लिए बंद कर दी गई है। मौसम और सफाई कार्य की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे निर्णय लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post