Samachar Post डेस्क, रांची :तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने Vijay ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 9 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। राज्य की राजनीति में इसे नए दौर की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। शपथ लेने के बाद विजय कुछ बोलने लगे, तभी राज्यपाल ने प्रक्रिया का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया। यह दृश्य समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें :मदर्स डे से पहले मां को मिला नया जीवन, रांची स्टेशन पर RPF महिला सिपाही ने बचाई जान
मुख्यमंत्री बनते ही लिया बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री पद संभालने के तुरंत बाद विजय सरकार ने बड़ा जनहित फैसला लिया। राज्य सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया है। इसे नई सरकार का पहला बड़ा फैसला माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह कदम चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में शुरुआती संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इस घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह और बढ़ गया है।
सहयोगी दलों के समर्थन से बनी सरकार
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, हालांकि उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला। इसके बाद सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार गठन का रास्ता साफ हुआ। राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
समर्थकों में जश्न का माहौल
चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई हिस्सों में विजय के समर्थकों ने जीत और शपथ ग्रहण का जमकर जश्न मनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटीं और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की। फिल्मी दुनिया में लोकप्रियता हासिल करने के बाद अब विजय की राजनीतिक पारी पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।
Reporter | Samachar Post