Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में 13 मई तक मौसम अस्थिर बने रहने की संभावना जताई है। कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
9 और 10 मई को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मई को रांची, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई जिलों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बारिश होने और वज्रपात की आशंका है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी खराब मौसम को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
यह भी पढ़ें: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को ट्रक ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
8 मई को कई हिस्सों में तेज हवा के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि 8 मई को उत्तर और पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर राज्य के अधिकांश इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
तापमान में होगी गिरावट
अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हाल के दिनों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रांची में गुरुवार को तेज धूप के बाद कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी
शुक्रवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 35.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कांके में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। विभाग ने वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।