Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा: जामताड़ा शहर के कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौके पर जुट गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जानकारी के अनुसार, देर रात असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा स्थल का ताला तोड़ दिया। इसके बाद प्रतिमा के तुनीर में लगे तीर को निकालकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया और धनुष भी तोड़ दिया गया। सुबह स्थानीय लोगों ने प्रतिमा की हालत देखकर प्रशासन और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता बहादुर सोरेन ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आदिवासी समाज धरना, सड़क जाम और बड़ा आंदोलन करेगा।
यह भी पढ़ें: झारखंड में 12 मई तक छाए रहेंगे बादल, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कोर्ट मोड़ और आसपास के इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन लगातार समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
भावनाएं हुईं आहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के गौरव और सम्मान का प्रतीक हैं। ऐसे में प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़ से लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।