बीजेपी ने सत्ता संभाली भी नहीं और बंगाल में अशांति…, TMC सांसद सायोनी घोष का आरोप

Rupa Kumari | May 5, 2026 | 04:04 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में सियासी तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सायोनी घोष ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता संभालने से पहले ही राज्य में अशांति फैलने लगी है।

“तोड़फोड़ और हमलों” का आरोप

सायोनी घोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि पूरे बंगाल में तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी दफ्तरों को निशाना बनाया जा रहा है, कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं और दुकानों को जबरन बंद कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि “मां कैंटीन” जैसी योजनाओं को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और माहौल डर और तनाव से भरा हुआ है।

यह भी पढ़ें: बंगाल में भाजपा की जीत पर सियासत गरम, रोहिणी आचार्य ने उठाए सवाल; ममता बनर्जी को बताया ‘झांसी की रानी’

“सोनार बांग्ला” पर सवाल

TMC सांसद ने कहा कि इस तरह की घटनाएं उस “सोनार बांग्ला” की तस्वीर नहीं हैं, जिसकी उम्मीद लोगों ने की थी। उन्होंने मीडिया पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इन घटनाओं को सही तरीके से नहीं दिखाया जा रहा। हालांकि सायोनी घोष ने यह भी कहा कि वे जनता के जनादेश को स्वीकार करती हैं, जो भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में गया है। उन्होंने जादवपुर लोकसभा क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार जताते हुए सेवा जारी रखने की बात कही। उन्होंने ममता बनर्जी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र और एकता की रक्षा के लिए वे उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी।

“मां, माटी और मानुष” की लड़ाई जारी

सायोनी घोष ने कहा कि उनकी पार्टी हर चुनौती का सामना करती रही है और आगे भी “मां, माटी और मानुष” के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इन बयानों के बाद बंगाल की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें