पांकी रोड बदहाल: गड्ढों से बढ़ा खतरा, लोगों में आक्रोश; कार्रवाई नहीं हुई तो जाम की चेतावनी

Rupa Kumari | April 30, 2026 | 02:51 PM IST
  • मेदिनीनगर की लाइफलाइन सड़क पर रोजाना हादसे, सीएम के निर्देश के बाद भी सुधार का इंतजार

Samachar Post रिपोर्टर, मेदिनीनगर: पलामू प्रमंडल के प्रमुख शहर मेदिनीनगर की जीवनरेखा मानी जाने वाली पांकी रोड इन दिनों बदहाली की चरम स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों ने इसे हादसों का अड्डा बना दिया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। यह सड़क शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल है, जहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। इसी मार्ग पर जीएलए कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, कई अस्पताल और स्कूल स्थित हैं, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति बेहद जर्जर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: कठिन हालातों में निरमित सिंह की बड़ी सफलता, ICSE बोर्ड में 96.8% अंक

चरकी भट्ठा बना सबसे खतरनाक जोन

पांकी रोड के चरकी भट्ठा इलाके में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिन्हें भरने के लिए स्थानीय लोग खुद मिट्टी और पत्थर डालकर अस्थायी समाधान करने को मजबूर हैं। बावजूद इसके आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।

दो दिन में मरम्मत नहीं तो सड़क जाम

झामुमो नेता सन्नी शुक्ला और अन्य स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि अगर दो दिनों के भीतर गड्ढों की मरम्मत नहीं हुई, तो पांकी रोड को जाम किया जाएगा। लोगों का कहना है कि प्रशासन तब तक नहीं जागता, जब तक कोई बड़ा हादसा न हो जाए। व्यंग्यात्मक लहजे में स्थानीय लोगों ने कहा, “एंजॉय कीजिए, आप पलामू के सबसे बड़े शहर के निवासी हैं, जहां गड्ढे ही पहचान बन चुके हैं। मामले को लेकर सन्नी शुक्ला ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर प्रशासन की लापरवाही उजागर की थी। इस पर हेमंत सोरेन ने संज्ञान लेते हुए पलामू डीसी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि ऐसे मामलों पर नजर रखी जाए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अब निगाहें प्रशासन पर

स्थानीय नागरिकों जितेंद्र पांडेय, संकट मोचन, उमेश अग्रवाल, सुमित पांडेय, बमबम शुक्ला, सैयद फैजल, रंजीत कुमार, शिवाजी सिंह, अमित सिंह और राहुल साहू सहित कई अन्य ने एक स्वर में जल्द समाधान की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और लोगों को राहत कब तक मिल पाती है।

Share this news

संबंधित खबरें