टाटानगर रेलवे स्टेशन में लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधी फरार

Rupa Kumari | April 27, 2026 | 11:05 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में देर रात लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रनिंग रूम के सामने हुई इस वारदात के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान ज्ञानेंदु कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के रहने वाले थे और रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे।

ड्यूटी खत्म कर रनिंग रूम जा रहे थे

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12:30 बजे वे मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद करीब 12:40 बजे वे शौच के लिए रनिंग रूम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में शिक्षा व्यवस्था चरमराई: किताबों और फंड के बिना जूझ रहे सरकारी स्कूल

बाइक सवार अपराधियों ने सिर में मारी गोली

जैसे ही वे रनिंग रूम के गेट के पास पहुंचे, पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हमलावर घटना के बाद तुरंत फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारी मौके पर, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सिटी एसपी ललित मीना और डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) तौकीर आलम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पूरे इलाके को घेरकर छानबीन शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।

रंजिश समेत कई एंगल पर जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक रेलवे नौकरी के साथ ठेकेदारी और जमीन की खरीद-बिक्री से भी जुड़े थे। ऐसे में पुलिस रंजिश सहित अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Share this news

संबंधित खबरें