Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस के खलासी की मौत हो गई। रेहला थाना क्षेत्र के कधवन इलाके में तेज रफ्तार हाइवा ने बस के पास खड़े खलासी को टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, सुबह स्कूल बस के पास बच्चे चढ़ रहे थे और खलासी नूर मोहम्मद उन्हें सुरक्षित बैठाने में जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया और खलासी उसकी चपेट में आ गए। घायल अवस्था में नूर मोहम्मद को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें :धनबाद में पुरानी रंजिश में युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान
बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे
हादसे के समय बस में चढ़ रहे दो स्कूली बच्चे भी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। हाइवा को जब्त कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post