Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची सिविल कोर्ट में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले कथित पेपर लीक और धांधली की साजिश मामले में गिरफ्तार 60 से अधिक आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। यह सुनवाई अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में हुई। पिछली सुनवाई में अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, लेकिन शुक्रवार को पुलिस इसे कोर्ट में पेश नहीं कर सकी। इस पर अदालत ने नाराजगी जताते हुए अगली तारीख पर केस डायरी अनिवार्य रूप से दाखिल करने का निर्देश दिया और मामले की विस्तृत सुनवाई के लिए 29 अप्रैल की तिथि निर्धारित की।
164 लोगों को लिया गया था हिरासत में
मामले में रांची पुलिस ने तमाड़ क्षेत्र में छापेमारी कर परीक्षा से पहले धांधली की साजिश का खुलासा किया था। इस कार्रवाई में कुल 164 लोगों को हिरासत में लिया गया था। जांच में सामने आया कि संगठित गिरोह भर्ती परीक्षा का पेपर लीक कर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलने की योजना बना रहा था।
यह भी पढ़ें: सामूहिक सोलर खेती से बदलेगी किसानों की तकदीर: सरकार खरीदेगी बिजली
कई नाम आए सामने
जांच के दौरान गिरोह से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें अतुल वत्स, विकास कुमार शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में सात महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आई है, जिससे नेटवर्क के व्यापक होने के संकेत मिले हैं। तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और अन्य कड़ियों को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल को होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।