Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश पांडेय रेहला स्थित आदित्य बिरला केमिकल इंडिया लिमिटेड में कार्यरत थे। वह अपनी बुलेट बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
खेत में जा गिरी स्कॉर्पियो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। हादसे में आकाश पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो सवार दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड में भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, सभी जिलों में अलर्ट जारी
वाहन जब्त, जांच जारी
पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक आकाश पांडेय, पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के करीबी ईश्वरी पांडेय के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि आकाश पांडेय की शादी वर्ष 2025 के अंतिम महीने में हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।