Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: जिले के श्री बंशीधरनगर में उपायुक्त अनन्य मित्तल ने प्रशासनिक कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पंचायत, प्रखंड, अंचल और अनुमंडल कार्यालयों में कई खामियां सामने आईं, जिस पर डीसी ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
बिना सूचना गायब मिले कार्यपालक पदाधिकारी
निरीक्षण की शुरुआत नगर पंचायत कार्यालय से हुई। यहां कार्यपालक पदाधिकारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जबकि डीसी के दौरे की जानकारी पहले से थी। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में सड़क हादसा: स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी फरार
लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर नाराजगी
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीसी ने म्यूटेशन से जुड़े लंबित मामलों पर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि जमीन से संबंधित मामलों का समय पर निष्पादन हो और लोगों को अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही राइट टू सर्विस एक्ट का सख्ती से पालन करने को कहा।
खराब व्यवस्था सुधारने के निर्देश
अनुमंडल कार्यालय में शौचालय की स्थिति खराब मिलने पर डीसी ने नाराजगी जताई और सार्वजनिक शौचालय निर्माण का निर्देश दिया। जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और जांच आधारित बनाने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को दिया स्पष्ट संदेश
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता को समय पर बेहतर सेवा देना है। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने, फाइलों का समय पर निपटारा करने और कार्य संस्कृति सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा, बीडीओ रोशन कुमार और अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।