Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय अमीन हेंब्रम की मौत हो गई। वह अपनी बहन के घर से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार अमीन हेंब्रम अपनी बहन के घर बिष्टोपुर गए हुए थे। शाम को वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटा बेवा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें :राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस: युवा पंचायतें बन रहीं बदलाव की नई ताकत
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
घटना के बाद स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल अमीन हेंब्रम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश में आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है।
परिजनों में मातम, गांव में शोक की लहर
इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post