Samachar Post डेस्क,पटना :बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान करीब 1.25 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं और 35 एंटी स्नेक वेनम बरामद किए गए हैं, जिससे पुलिस की चिंता और बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें :RJD पर तेज प्रताप का बड़ा बयान: “पार्टी टूट सकती है”, तेजस्वी पर साधा निशाना
गुप्त सूचना पर हुई सर्जिकल कार्रवाई
मामला चित्रगुप्तनगर और मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान बड़े सप्लायर समेत गिरोह के मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया।
67 हजार से ज्यादा नशीले इंजेक्शन जब्त
पूर्व सिटी एसपी परिचय कुमार के अनुसार, सबसे पहले आरओबी के पास से आरोपी अर्णव कुमार को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर आगे छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 67,050 नशीले इंजेक्शन और 5,760 बोतल प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, इन दवाओं को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से सप्लाई किया जाना था।
एंटी स्नेक वेनम की बरामदगी ने बढ़ाई चिंता
छापेमारी के दौरान 35 एंटी स्नेक वेनम भी बरामद हुए, जो आमतौर पर सांप के काटने के इलाज में इस्तेमाल किए जाते हैं। इस तरह की दवाओं का अवैध भंडारण और सप्लाई पुलिस के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन कंकड़बाग निवासी मंटू कुमार कर रहा था, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में आरोपी छोटू कुमार ने खुलासा किया कि मंटू ही अलग-अलग जगहों पर इन दवाओं का अवैध स्टॉक कर रहा था।
सरकारी सप्लाई में गड़बड़ी की आशंका
पुलिस के अनुसार, ये दवाएं सरकारी अस्पतालों में उपयोग के लिए थीं, लेकिन तस्करों द्वारा इन्हें अवैध तरीके से जमा कर अन्य जगहों पर सप्लाई करने की योजना बनाई जा रही थी।
जांच जारी, और खुलासे की संभावना
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Reporter | Samachar Post