Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गिद्धौर-चतरा मुख्य मार्ग पर स्थित ऊपर टोला में तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड में 68% बच्चे एनीमिया से पीड़ित, कैसे पूरा होगा एनीमिया मुक्त प्रदेश का लक्ष्य?
बाउंड्री तोड़ते हुए बरामदे तक पहुंचा हाईवा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कटकमसांडी से टंडवा की ओर जा रहा हाईवा अचानक नियंत्रण खो बैठा। वाहन ने पहले घर की बाउंड्री वॉल तोड़ी, फिर रास्ते में लगे अशोक के पेड़ को उखाड़ते हुए सीधे घर के बरामदे तक जा पहुंचा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास में खड़ी टीवीएस लूना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घर की दीवारों को भी भारी नुकसान हुआ। यह घर राजेश कुशवाहा का बताया जा रहा है, जो पूर्व जिला परिषद सदस्य के पुत्र हैं। घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। राहत की बात यह रही कि किसी को शारीरिक नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित बच गए। हालांकि, हादसा और गंभीर हो सकता था।
मुआवजे की मांग, जांच शुरू
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही क्षतिग्रस्त हाईवा को कब्जे में लेने की प्रक्रिया भी जारी है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद इलाके में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों से गुजरने वाले भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और सख्त नियम लागू करने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post