Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची से बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने वित्तीय अनियमितताओं पर सख्ती दिखाते हुए बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी जिलों और इकाइयों की लेखा शाखा में तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात कर्मियों को हटाने का आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे सभी कर्मियों का 48 घंटे के भीतर स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP) के डीआईजी स्तर से जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें :चतरा सदर अस्पताल पर रिश्वत का आरोप, पोस्टमार्टम के लिए 5 हजार वसूली का दावा
वित्तीय गड़बड़ियों के बाद सख्ती
हाल ही में बोकारो और हजारीबाग में वेतन भुगतान में गड़बड़ी और अवैध निकासी के मामले सामने आए थे। इन्हीं घटनाओं के बाद विभाग ने यह कड़ा कदम उठाया है। निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन कर्मियों का ट्रांसफर किया जाएगा, उन्हें अगले तीन वर्षों तक लेखा शाखा में दोबारा तैनात नहीं किया जाएगा। इसका उद्देश्य वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और नई कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है।
सभी इकाइयों से रिपोर्ट तलब
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और इकाइयों से 48 घंटे के भीतर आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट मांगी है। विभाग का मानना है कि लंबे समय तक एक ही पद पर रहने से पारदर्शिता प्रभावित होती है और अनियमितताओं की संभावना बढ़ जाती है। इस फैसले को प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने और भविष्य में वित्तीय गड़बड़ियों पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post