Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गढ़वा जिले के 20 परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी संजय कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत 19 अप्रैल सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश दिया है। इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि को ‘नो-एंट्री जोन’ घोषित किया गया है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासन के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। सभी केंद्रों पर निगरानी और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड टीम लगातार निगरानी करेगी, ताकि नकल या किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: झारखंड में SIR पर फिलहाल रोक, पहले होगी डिजिटल जनगणना; बाद में अपडेट होगी वोटर लिस्ट
इन गतिविधियों पर सख्त रोक
निषेधाज्ञा के दौरान 100 मीटर दायरे में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मोबाइल, ब्लूटूथ, हथियार या विस्फोटक सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। लाउडस्पीकर, भीड़ जुटाने, नारेबाजी या प्रदर्शन करने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा। अफवाह फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।