Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के लालोकोनी गांव में एक कुएं से दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान नगमा खातून और साहिन प्रवीण के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दोनों लड़कियां घर से बाहर गई थीं, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों को चिंता हुई और ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई। कई घंटों की खोजबीन के बाद घर से करीब 400 मीटर दूर एक कुएं में दोनों के शव होने की जानकारी मिली।
यह भी पढ़ें :गौरव गोस्वामी बने रांची ग्रामीण एसपी, पतरातू में भावुक विदाई
ग्रामीणों की मदद से निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पहले जाल के जरिए शव निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में दो युवकों ने कुएं में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पढ़ाई कर रही थीं दोनों लड़कियां
बताया जा रहा है कि साहिन प्रवीण कक्षा 9 की छात्रा थी, जबकि नगमा खातून कक्षा 10 में पढ़ाई कर रही थी। दोनों के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उनके पिता मजदूरी कर घर चलाते हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि नगमा की शादी तय हो चुकी थी और जल्द ही उसका विवाह होने वाला था।
मौत के कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह मामला हत्या है या आत्महत्या, इस पर स्थिति अभी साफ नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
Reporter | Samachar Post