Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले में अवैध बालू ढुलाई के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गढ़वा थाना क्षेत्र के महुलिया पंचायत में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, महुलिया निवासी 26 वर्षीय राहुल चौधरी और 31 वर्षीय नंदलाल राम बुधवार रात करीब 10:30 बजे महुलिया स्कूल के पास अपनी मोपेड के साथ खड़े थे। दोनों आंबेडकर जयंती के जुलूस से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बालू अनलोड कर लौट रहा एक ट्रैक्टर तेज गति में और गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें :स्वर्णरेखा किनारे फिर मिला जिंदा बम, बहरागोड़ा में दहशत
गांव में पसरा मातम
टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल नंदलाल राम को ग्रामीण अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस वाहन को जब्त करने और चालक की पहचान में जुटी है। इस हादसे के बाद अवैध बालू ढुलाई को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Reporter | Samachar Post