Samachar Post रिपोर्टर,दुमका :दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के बादलपाड़ा इलाके में कोल ब्लॉक को लेकर विरोध तेज हो गया है। भूमि सर्वेक्षण के लिए पहुंचे कंपनी के तीन कर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। जानकारी के अनुसार, हरियाणा की एक पावर कंपनी को इस क्षेत्र में कोल ब्लॉक आवंटित हुआ है। जैसे ही सर्वे टीम ने ड्रिलिंग मशीन शुरू की, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कर्मियों को बंधक बना लिया गया।
यह भी पढ़ें :श्मशान घाट विवाद पर प्रशासन सख्त: सरकारी बोर्ड लगाकर भू-माफियाओं को चेतावनी
ग्राम सभा की अनुमति को लेकर नाराजगी
ग्रामीणों का कहना था कि बिना ग्राम सभा की अनुमति के किसी भी तरह का काम शुरू करना नियमों के खिलाफ है। इसी मुद्दे को लेकर उनका विरोध उग्र हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। अंचल अधिकारी कपिल देव ठाकुर और थाना प्रभारी अमित लकड़ा मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से काफी मशक्कत के बाद रात करीब 1 बजे कर्मियों को सुरक्षित छुड़ाया गया।
शर्त पर छोड़ा गया, काम पर रोक
ग्रामीणों ने कर्मियों को इस शर्त पर छोड़ा कि भविष्य में बिना ग्राम सभा की अनुमति के कोई कार्य नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने भी स्थिति को नियंत्रित कर फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखी है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी 2024 में भी इसी क्षेत्र में कोल ब्लॉक परियोजना को लेकर एक महिला प्रशिक्षु आईएएस समेत अन्य कर्मियों को बंधक बनाया गया था। इससे साफ है कि इलाके में इस परियोजना को लेकर लगातार तनाव बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post