हजारीबाग सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत, बहन की शादी से पहले बुझा घर का सहारा

Rupa Kumari | April 10, 2026 | 01:47 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: शहर के मजार के समीप गुरुवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय डिलीवरी बॉय निरंजन कुमार की मौत हो गई। मृतक सलोनी कला के रहने वाले थे और परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। जानकारी के अनुसार निरंजन पार्सल डिलीवर कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर उनके साथ एक दोस्त भी सवार था। दोस्त ने बताया कि टक्कर के वक्त वह दूसरी दिशा में गिर गया, जबकि निरंजन बस की ओर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आरोग्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने निरंजन कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और देर रात सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद लोगों को समझाकर जाम हटाया गया।

यह भी पढ़ें: दानापुर में भीषण आग: शॉर्ट सर्किट से दुकान जली, लाखों का नुकसान

कुछ दिनों में थी बहन की शादी

बताया जा रहा है कि निरंजन के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। घर में उनकी मां और छोटी बहन है, जिसकी शादी कुछ ही दिनों में होने वाली थी। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। निरंजन नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए थे।

कंपनी देगी 10 लाख का मुआवजा

शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां शुक्रवार सुबह प्रक्रिया पूरी की गई। परिजनों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। वहीं संबंधित कंपनी के मैनेजर ने बताया कि सभी डिलीवरी बॉय को 10 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है और आवश्यक कागजी प्रक्रिया के बाद राशि परिजनों को दी जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें