चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला यात्री, आरपीएफ जवानों ने बचाई जान

Rupa Kumari | April 9, 2026 | 01:40 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों की फुर्ती से उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, करीब 50 वर्षीय ओम प्रकाश अग्रवाल धनबाद के टुंडी के रहने वाले हैं और भुवनेश्वर से धनबाद जा रहे थे। रांची स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह पानी पीने के लिए नीचे उतरे। इसी बीच ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस चल पड़ी। जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिर गए। कुछ पल के लिए वह ट्रेन के साथ घसीटते भी रहे, जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई।

आरपीएफ जवानों ने दिखाई फुर्ती

ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार ने तुरंत स्थिति को भांप लिया। दोनों जवान दौड़कर पहुंचे और यात्री को प्लेटफॉर्म गैप से बाहर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। बचाए गए यात्री ने बताया कि वह केवल पानी पीने के लिए नीचे उतरे थे। ट्रेन चलने लगी तो घबराकर चढ़ने लगे, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर पड़े।

यह भी पढ़ें: गोड्डा में नसबंदी के बाद महिला की मौत, तीन बच्चों से छिन गई मां की ममता

‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत सतर्कता

रेल मंडल में आरपीएफ द्वारा “ऑपरेशन जीवन रक्षा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जवान लगातार प्लेटफॉर्म पर निगरानी रखते हैं और यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने की अपील भी कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें