Samachar Post रिपोर्टर, चतरा: चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत प्रतापपुर स्थित इंद्रप्रस्थ एचपी गैस एजेंसी के बाहर गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया, जब घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिला। नाराज लोगों ने एजेंसी कर्मियों से तीखी नोकझोंक की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण गैस लेने एजेंसी पहुंचे थे। कई उपभोक्ता लंबे समय तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन वितरण नहीं होने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि गैस वितरण में मनमानी की जा रही है और जरूरतमंदों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया, हालांकि कुछ देर तक एजेंसी परिसर के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में देर रात दो युवकों पर चापड़ से हमला, शहर में दहशत जारी
उपभोक्ताओं ने लगाए फर्जी डिलीवरी के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि कई महीनों से सिलेंडर नहीं लेने के बावजूद उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आ रहा है। उनका कहना है कि बिना ओटीपी बताए ही सिस्टम में सिलेंडर डिलीवर दिखा दिया जाता है। जब वे एजेंसी पहुंचते हैं तो बताया जाता है कि सिलेंडर पहले ही उठाया जा चुका है।
दर्जनों लोगों ने बताई एक जैसी शिकायत
उपभोक्ताओं ने दावा किया कि यह समस्या एक-दो लोगों की नहीं, बल्कि दर्जनों लोगों को इसी तरह की परेशानी हो रही है। लोगों ने कहा कि एजेंसी के स्टॉक और रिकॉर्ड की जांच होने पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है। एजेंसी संचालक कपिल पासवान ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि गैस वितरण पारदर्शी तरीके से किया जाता है और ओटीपी के माध्यम से ही सिलेंडर डिलीवर होता है। उन्होंने मारपीट की घटना से भी अनभिज्ञता जताई।
जांच की मांग
घटना के बाद उपभोक्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच हुई तो गैस वितरण में गड़बड़ी का खुलासा हो सकता है और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।