Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले में जनवरी महीने में मिले दो शवों के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महज ₹1300 की लूट के लिए दो दोस्तों की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी (25) को गिरफ्तार किया है।
16 जनवरी को मिले थे दो शव
पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी को चैनपुर थाना क्षेत्र के रैनीबांध तालाब के पास एक आंशिक रूप से जला शव मिला था, जिसकी पहचान शंकर राम (37) के रूप में हुई। उसी दिन डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आगे पुल के पास एक और शव बरामद हुआ। दोनों की हत्या पत्थर से सिर कूचकर की गई थी।
यह भी पढ़ें: झारखंड पंचायत चुनाव समय पर होंगे, 27% OBC आरक्षण लागू होगा: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
नशे के दौरान बना हत्या का प्लान
जांच में सामने आया कि 15 जनवरी की रात आरोपी डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास शंकर राम और करीवा उर्फ छोटू के साथ नशा कर रहा था। आरोपी को पता चला कि शंकर राम के पास पैसे हैं। इसके बाद वह दोनों को सुनसान इलाके में ले गया और ₹1300 लूट लिए। पहचान खुलने के डर से शंकर राम की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और शव जलाने की कोशिश की।
साथी को भी मार डाला
पहली हत्या के बाद आरोपी और उसका साथी वापस रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसी दौरान आपस में विवाद हुआ। धमकी मिलने पर आरोपी ने करीवा उर्फ छोटू को रेलवे पुल के पास ले जाकर उसकी भी पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और शव छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने बरामद किए सबूत
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का पर्स, आधार कार्ड, फोटो बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी चोरी समेत अन्य मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पहले से दो केस दर्ज हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।