Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार से बारिश का दौर शुरू हो गया है, जो अब और व्यापक रूप लेता दिख रहा है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी रांची में शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। रात तक हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी बन गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची में करीब 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हुआ है। इसके प्रभाव से पूरे राज्य में मौसम अस्थिर बना हुआ है।
यह भी पढ़ें :चतरा में दर्दनाक हादसा: बारातियों से भरी गाड़ी पलटी, चालक की मौत
5 दिनों तक रहेगा अस
विभाग ने बताया है कि शनिवार से अगले पांच दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इसे लेकर रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
6 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट
6 अप्रैल के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। इस दिन कई जिलों में भारी बारिश, 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा। अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
कोल्हान में अभी भी गर्मी का असर
हालांकि कोल्हान प्रमंडल के इलाकों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां में राज्य का सबसे अधिक 40.3°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा और डालटेनगंज में भी पारा 40°C के आसपास रहा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। 7 से 9 अप्रैल के बीच भी रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है।
Reporter | Samachar Post