- बच्चों के शोर से खुला राज, पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा शहर के नामुपाड़ा मोहल्ले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवक को महिला के घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया, जिसे कथित तौर पर बक्से में छिपाकर रखा गया था।
बच्चों के शोर से खुली पोल
जानकारी के मुताबिक, युवक काफी देर से महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान महिला के बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला ने उन्हें चुप कराने की कोशिश की, लेकिन जब बच्चे नहीं माने तो उसने उनकी पिटाई कर दी। बच्चों के शोर से सतर्क होकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: झारखंड की बेटियां भारतीय टीम ट्रायल्स के लिए रवाना, तनु वर्मा और स्नेहा कुमारी पर टिकी उम्मीदें
तलाशी में बक्से से मिला युवक
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पता चला कि महिला ने युवक को एक बक्से में छिपा रखा था और ऊपर कपड़ा ढक दिया था। पुलिस ने बक्सा खोलकर युवक को बाहर निकाला और हिरासत में लेकर थाना ले गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। वह अक्सर बाहर रहते हैं। महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ रहती है। इसी दौरान युवक का घर आना-जाना था, जिसका बच्चे विरोध करते थे। पकड़ा गया युवक जमुई का रहने वाला बताया जा रहा है और महिला के पति का परिचित है।
पुलिस कर रही पूछताछ
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।