Samachar Post डेस्क, रांची :पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में हुए कालियाचक हिंसा मामले में CID को बड़ी कामयाबी मिली है। कालियाचक हिंसा के कथित मास्टरमाइंड और पेशे से वकील मोफक्करुल इस्लाम को शुक्रवार सुबह बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वह फरार होने की कोशिश में था, लेकिन CID पहले से अलर्ट थी।
यह भी पढ़ें :चाईबासा में मुर्गा विवाद ने लिया खूनी रूप: कुल्हाड़ी-लाठी से चाचा की हत्या, भतीजा गिरफ्तार
कालियाचक में कैसे भड़की हिंसा
मालदा के कालियाचक इलाके में वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विरोध में सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए थे। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और हालात बेकाबू हो गए। भीड़ ने 7 न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। CID के अनुसार, मोफक्करुल इस्लाम इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य साजिशकर्ता था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। आखिरकार उसे एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता
इस घटना को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी गंभीर चिंता जताई है। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि राज्य में अधिकारियों को डराने की कोशिश हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। घटना के बाद चुनाव आयोग ने राज्य के डीजीपी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। वहीं, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने इस मामले को लेकर नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है।
सियासत भी गरम
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल CID आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे और खुलासों की संभावना है।
Reporter | Samachar Post