Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा :झारखंड की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार के भीतर ही अब विरोध के स्वर उठने लगे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने गोड्डा के उपायुक्त को पत्र लिखकर पथरगामा क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध बालू खनन का मुद्दा उठाया है। इस पत्र को उन्होंने सोशल मीडिया पर भी साझा किया, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदीप यादव के अनुसार, पथरगामा अंचल की गेरुआ नदी के कई घाटों पर पिछले छह महीनों से बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उठाव हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा, जिससे यह धंधा लगातार बढ़ रहा है।
रोजाना ₹27.75 लाख की अवैध वसूली का दावा
विधायक ने दावा किया कि प्रतिदिन लगभग 150 हाइवा ट्रकों से बालू ढुलाई की जा रही है। प्रत्येक ट्रक से करीब ₹18,500 की वसूली हो रही है, जिससे रोजाना लगभग ₹27.75 लाख की अवैध कमाई हो रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। लगातार खनन से गेरुआ नदी का जलस्तर तेजी से गिर रहा है। प्रदीप यादव ने चेतावनी दी कि इससे आसपास के गांवों में पानी की कमी और खेती पर गंभीर असर पड़ सकता है। सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता ने प्रशासन से तत्काल अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही पिछले छह महीनों में हुई कथित वसूली की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने बालू ढुलाई में लगे वाहनों की ट्रैकिंग और निगरानी को भी मजबूत करने पर जोर दिया।
सियासी असर: बढ़ सकता है विवाद
अपनी ही सरकार के प्रशासन पर सवाल उठाना राजनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा झारखंड की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।
Reporter | Samachar Post