Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के बुंडू वन प्रक्षेत्र के सोनाहातू इलाके के सारयाद गांव में अचानक एक जंगली हाथी खुले कुएं में गिर गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और पूरा इलाका भीड़ से भर गया। वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीन, रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से कुएं का एक हिस्सा काटकर ढलाननुमा रास्ता बनाया गया, ताकि हाथी खुद बाहर आ सके। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय योगदान दिया। मोटर पंप की मदद से कुएं में पानी भरा गया, जिससे जलस्तर बढ़ा और हाथी को बाहर निकलने में मदद मिली। काफी समय तक चले अभियान के बाद हाथी आखिरकार बनाए गए रास्ते से बाहर निकलने में सफल रहा और तुरंत जंगल की ओर भाग गया।
यह भी पढ़ें :रांची के सोनाहातू में कुएं में गिरा हाथी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हाथी पूरी तरह सुरक्षित है और रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा- वन विभाग के पदाधिकारी
वन विभाग के पदाधिकारी सुप्रियन टूटी ने बताया कि हाथी पूरी तरह सुरक्षित है और रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से ही यह संभव हो पाया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी भोजन की तलाश में जंगल से भटककर गांव की ओर आया था और इसी दौरान कुएं में गिर गया।
Reporter | Samachar Post