Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप में प्रवेश किया और करीब 22 लाख रुपये के गहने चुरा कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास विश्वनाथ ज्वेलर्स की है। दुकान मालिक विश्वनाथ दत्ता के बेटे अभिजीत ने बताया कि आरोपी युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और आराम से गहने देखने लगा। बातचीत के दौरान उसने दुकानदार का भरोसा भी जीत लिया। युवक ने एक गहना पसंद किया और 1000 रुपये एडवांस देकर शाम को लेने की बात कहकर चला गया। कुछ देर बाद जब गहनों की जांच की गई, तो एक डिब्बे से कीमती आभूषण गायब मिले।
यह भी पढ़ें :गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर दर्दनाक हादसा: साइकिल सवार वृद्ध की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
CCTV फुटेज से खुला राज
जब दुकान का CCTV फुटेज देखा गया, तो पूरा मामला साफ हो गया। वीडियो में युवक गहने देखते समय ही मौका पाकर उन्हें गायब करता नजर आया और फिर आराम से दुकान से बाहर निकल गया। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 22 से 23 लाख रुपये बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी एक दिन पहले भी उसी दुकान पर आया था। उसने 5700 रुपये के गहने खरीदकर दुकानदार का भरोसा जीता और फिर अगले दिन बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में डर का माहौल है।
Reporter | Samachar Post