Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर डुमरिया मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में 65 वर्षीय साइकिल सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, जामताड़ा के नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिंदापाथर थाना क्षेत्र के दीपाया गांव निवासी शिरोमणि चौधरी साइकिल से फतेहपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डुमरिया मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में ‘सोलर क्रांति’ की शुरुआत
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में छानबीन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

