Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार रात एयरपोर्ट के पास एक दुर्लभ प्रजाति का सांप देखे जाने से इलाके में हलचल मच गई। रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों की नजर इस सांप पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान इस बात का खास ध्यान रखा गया कि न तो सांप को नुकसान पहुंचे और न ही आसपास मौजूद लोगों को कोई खतरा हो। बाद में सांप को सुरक्षित रूप से जू भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें :चाईबासा में हाथी का हमला: महिला की मौत, बुजुर्ग घायल, इलाके में दहशत
दुर्लभ प्रजाति का है ‘रेड सैंड बोआ’
जानकारी के अनुसार, Red Sand Boa एक दुर्लभ प्रजाति का सांप है, जो आमतौर पर राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में पाया जाता है। अन्य जगहों पर इसका दिखना काफी असामान्य माना जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह सांप पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। यह चूहों, छिपकलियों और छोटे जीवों का शिकार करता है, जिससे उनकी आबादी नियंत्रित रहती है।
घबराएं नहीं, विशेषज्ञों को दें सूचना
स्नेक कैचर रमेश ने बताया कि यह सांप आमतौर पर आक्रामक नहीं होता। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे वन्यजीवों को देखकर घबराएं नहीं और न ही उन्हें नुकसान पहुंचाएं, बल्कि तुरंत विशेषज्ञों को सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि अज्ञानता में ऐसे जीवों को मारना न सिर्फ खतरनाक है, बल्कि कानूनन अपराध भी है।
Reporter | Samachar Post