चाईबासा में हाथी का हमला: महिला की मौत, बुजुर्ग घायल, इलाके में दहशत

Rupa Kumari | March 31, 2026 | 03:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : चाईबासा के सदर प्रखंड अंतर्गत बड़ाकुंडिया पंचायत के तुरामडीह गांव में जंगली हाथी के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मृतका चांदू कुई मंगलवार सुबह अपने घर के पास खुले मैदान में बनी झोपड़ी के पास खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बुजुर्ग ने छिपकर बचाई जान

घटना के दौरान पास में मौजूद एक बुजुर्ग ने किसी तरह झोपड़ी में छिपकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमले में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं।

यह भी पढ़ें: केंदु पत्ता मजदूरों को राहत: प्रति बोरा 38 रुपये बढ़ा दाम

वन विभाग मौके पर, सतर्क रहने की अपील

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें