केंदु पत्ता मजदूरों को राहत: प्रति बोरा 38 रुपये बढ़ा दाम

Rupa Kumari | March 31, 2026 | 03:18 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : पलामू में केंदु पत्ता तोड़ने वाले मजदूरों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने केंदु पत्ता की मानक दर में बढ़ोतरी कर दी है। यह फैसला पलामू कमिश्नर कुमुद सहाय की अध्यक्षता में हुई सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया। साल 2025 में केंदु पत्ता का रेट 1883 रुपये प्रति बोरा था, जिसे 2026 के लिए बढ़ाकर 1921 रुपये प्रति बोरा कर दिया गया है। यानी अब मजदूरों को हर बोरे पर 38 रुपये ज्यादा मिलेंगे।

मजदूरों की सुविधा पर फोकस

बैठक में कहा गया कि केंदु पत्ता एक महत्वपूर्ण लघु वन उपज है, जिससे हजारों मजदूरों की आजीविका जुड़ी है। मार्च से जून के बीच तेज गर्मी में मजदूर पत्तों की तुड़ाई करते हैं, ऐसे में उनकी मेहनत को देखते हुए दर बढ़ाना जरूरी था। राज्य के गढ़वा, लातेहार और पलामू जिलों में केंदु पत्ता की तुड़ाई बड़े पैमाने पर होती है। इन क्षेत्रों के वन इलाकों में हर साल मजदूरों द्वारा पत्तों का संग्रह किया जाता है।

यह भी पढ़ें: CUJ में चीनी प्रतिनिधिमंडल का दौरा, सांस्कृतिक और शैक्षणिक सहयोग पर जोर

सरकार को भी होता है राजस्व

केंदु पत्ता न सिर्फ मजदूरों की आय का जरिया है, बल्कि इससे राज्य सरकार को भी अच्छा-खासा राजस्व प्राप्त होता है। यही वजह है कि इसकी दर तय करने में सरकार और समिति विशेष सावधानी बरतती है। बैठक के बाद कमिश्नर कुमुद सहाय ने रजिस्ट्री कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीन से जुड़े विवाद, कानूनी अड़चन और स्वामित्व से संबंधित मामलों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में सचिव विजय वर्मा, हजारीबाग के लघु वन उत्पाद परियोजना से जुड़े अधिकारी, वन विभाग के पदाधिकारी और केंदु पत्ता व्यापारियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this news

संबंधित खबरें