Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ :झारखंड के पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड में मंगलवार को उस समय हलचल मच गई, जब एक दुर्लभ वन्यजीव Small Indian Civet (कस्तूरी बिल्ली) रिहायशी इलाके में नजर आया। आमतौर पर जंगलों में रहने वाला यह जीव अचानक गांव में दिखा, जिससे लोग हैरान और चिंतित हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह जानवर काफी देर तक गांव की गलियों और घरों के आसपास घूमता रहा। इसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो भी बनाए, जबकि कुछ ने एहतियात के तौर पर बच्चों को घर के अंदर रहने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें :JMM का 53वां स्थापना दिवस: गिरिडीह में भव्य आयोजन, हजारों कार्यकर्ताओं की जुटान
निशाचर और शर्मीला होता है सिवेट
विशेषज्ञों के मुताबिक, Small Indian Civet एक निशाचर (रात में सक्रिय) और बेहद शर्मीला जीव है, जो आमतौर पर इंसानों से दूर रहना पसंद करता है। दिन के समय आबादी वाले क्षेत्र में इसका दिखना असामान्य माना जाता है।
जंगलों में बदलाव का संकेत?
जानकारों का कहना है कि इस तरह के वन्यजीव का गांव में आना पर्यावरणीय बदलाव का संकेत हो सकता है। जंगलों में भोजन की कमी या बढ़ते दबाव के कारण यह अपने प्राकृतिक आवास से भटककर आबादी वाले इलाके तक पहुंच सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से अपील की है कि इस दुर्लभ जीव को सुरक्षित तरीके से पकड़कर वापस उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाए। लोगों का कहना है कि इससे न तो जानवर को नुकसान हो और न ही गांव में किसी तरह की अनहोनी की आशंका रहे।
Reporter | Samachar Post