JMM का 53वां स्थापना दिवस: गिरिडीह में भव्य आयोजन, हजारों कार्यकर्ताओं की जुटान

Rupa Kumari | March 31, 2026 | 12:31 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का 53वां स्थापना दिवस गिरिडीह के झंडा मैदान में सोमवार शाम भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस मौके पर नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की।

शिबू सोरेन को दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम से पहले नेताओं ने अंबेडकर चौक पहुंचकर शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मंच पर भी उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

यह भी पढ़ें: कोडरमा में भीषण अगलगी: हाईटेंशन तार की चिंगारी से फर्नीचर गोदाम राख, 50 लाख का नुकसान

कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा महतो, पूर्व मंत्री बेबी देवी, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमीत कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे। जिलेभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान पोषण सखी की नौकरी छोड़कर आई प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में कई महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री सुदिव्य कुमार और विधायक कल्पना सोरेन ने सभी को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

भाजपा पर साधा निशाना, योजनाओं का किया जिक्र

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी ने अपनी पहचान बनाई है और अब यह एक मजबूत संगठन बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए JMM ही प्रतिबद्ध है। वहीं कल्पना मुर्मू सोरेन ने गिरिडीह की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने उन्हें परिवार की तरह अपनाया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं जैसे मंईयां सम्मान योजना और सीएम एक्सीलेंस स्कूल का जिक्र करते हुए इन्हें बड़ी उपलब्धि बताया।

कार्यकर्ताओं में उत्साह

कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं को सम्मानित किया गया और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। पूरे आयोजन में झामुमो के प्रति समर्थन और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Share this news

संबंधित खबरें