Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :झारखंड के चतरा जिले में होमगार्ड भर्ती को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यह भर्ती प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू होकर 23 अप्रैल 2026 तक चलेगी। सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच और लिखित परीक्षा चतरा शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़ें :आनंद विहार-पुरुलिया नई साप्ताहिक एक्सप्रेस, रांची-डालटनगंज मार्ग से यात्रा शुरू
DC ने लिया तैयारियों का जायजा
भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले उपायुक्त कीर्तिश्री ने स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराई जाए। उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के आने की संभावना को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया का ट्रायल पहले ही कर लिया है। इससे खामियों की पहचान कर उन्हें समय रहते सुधार लिया गया है।
समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश
DC ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, एसडीओ जहूर आलम, एसडीपीओ संदीप सुमन, डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा, जिला समादेष्टा अमरेंद्र कुमार और इंस्पेक्टर माजिद आलम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इस भर्ती को लेकर जिले के युवाओं में खासा उत्साह है। लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक सुनहरा मौका माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post