Samachar Post रिपोर्टर,रांची :देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर राज्यपाल और वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जोहार के साथ हुए इस अभिनंदन ने माहौल को खास बना दिया। जैसे ही उपराष्ट्रपति का विमान रांची एयरपोर्ट पर उतरा, वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपराष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा है, जिससे इसे विशेष महत्व दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें :जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पाकुड़, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ भव्य रामनवमी महोत्सव
उलिहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि
अपने दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति उलिहातू जाएंगे, जो महान जननायक बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है। यहां वे उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात भी करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। उपराष्ट्रपति इसके बाद रांची लौटकर आईआईएम रांची के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे।
झारखंड से रहा है खास जुड़ाव
सीपी राधाकृष्णन का झारखंड से पुराना संबंध रहा है। वे पहले राज्यपाल के रूप में राज्य की सेवा कर चुके हैं। ऐसे में उनका यह दौरा केवल औपचारिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post