- सरकार का फैसला, मिला नया प्रभार
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची में चर्चित वन अधिकारी राम बाबू को सरकार ने बड़कागांव रेंज का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। इस फैसले के बाद अब उनके पास कुल 10 रेंज की जिम्मेदारी हो गई है। राम बाबू इससे पहले बिरसा मुंडा चिड़ियाघर के प्रभार में रहने के दौरान विवादों में आ चुके हैं। आरोप था कि उनके साले को चिड़ियाघर में सप्लायर बनाया गया था, जो “सत्यम एंड शिवम इंटरप्राइजेज” के नाम से सामग्री की आपूर्ति करता था।
फर्जी बिल और सप्लाई के आरोप
जानकारी के अनुसार, सप्लाई के लिए इस्तेमाल किए गए बिलों में GSTN नंबर नहीं था। वाणिज्यकर विभाग के रिकॉर्ड में यह फर्म बोकारो में रजिस्टर्ड बताई गई, लेकिन चिड़ियाघर में फर्जी पते से आपूर्ति की जा रही थी। यह भी आरोप है कि रसोई गैस की गलत सप्लाई दिखाकर भुगतान लिया गया और इन बिलों की जांच कर भुगतान का आदेश खुद राम बाबू ही देते थे। मामला सामने आने के बाद उन्हें चिड़ियाघर के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया था।
यह भी पढ़ें: धनबाद में चोरों का तांडव: मोबाइल और दवा दुकान से लाखों की चोरी, CCTV केबल काटकर फरार
कोडरमा में अवैध खनन मामला भी चर्चा में
बताया जा रहा है कि कोडरमा रेंज का प्रभार भी राम बाबू के पास है, जहां हाल ही में अवैध खनन के दौरान खदान धंसने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इस मामले की जांच जारी है। सूत्रों के अनुसार, राम बाबू का साला उनके प्रभार वाले क्षेत्रों में खुद को रेंजर बताकर घूमता है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
फैसले पर उठ रहे सवाल
एक ओर जहां राम बाबू के खिलाफ पहले से कई आरोप सामने आ चुके हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें फिर से अतिरिक्त जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि सरकार इस मामले में आगे क्या रुख अपनाती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।