Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले में रामनवमी को लेकर माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। चैत्र नवरात्र के छठे दिन शहर भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है। सड़कों पर लगे भगवा झंडे और धार्मिक माहौल के बीच आज निकलने वाले मंगला जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
पुलिस का मॉक ड्रिल, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रामनवमी के मद्देनज़र गढ़वा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में दंगा निरोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किया गया, जिसमें जवानों ने भीड़ नियंत्रण, बलवा प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया।
यह भी पढ़ें: बहरागोड़ा में 227 किलो का ‘जिंदा बम’, सेना ने ड्रोन से किया सर्वे-इलाके में अलर्ट
भीड़ नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान जवानों ने, दंगाइयों को नियंत्रित करने की तकनीक, संवेदनशील हालात में त्वरित कार्रवाई आपसी समन्वय और रणनीति का प्रदर्शन किया। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तत्परता को परखना था। अभ्यास में एंबुलेंस को भी शामिल किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिया कि वे त्योहार के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें और आम लोगों के साथ संयमित व्यवहार बनाए रखें।
सोशल मीडिया पर भी नजर
प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामनवमी को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। गढ़वा जिला रामनवमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।