Samachar Post रिपोर्टर, रांची : इंडियन रेलवे के रांची रेल मंडल में चल रहे मरम्मत कार्य के चलते यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर नगजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर बने पुल संख्या 115 की मरम्मत के कारण 24 मार्च से 31 मार्च तक कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ होली स्पेशल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
राजधानी एक्सप्रेस पर असर
मरम्मत कार्य का असर राजधानी ट्रेनों पर भी साफ दिख रहा है। 25 मार्च को नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस अब टोरी–लोहरदगा–रांची के बजाय टोरी–बरकाकाना–मेसरा–टाटीसिलवे होकर चलेगी। 26 मार्च को रांची–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी बदले हुए मार्ग से संचालित होगी। 28 और 29 मार्च को भी दोनों ओर की राजधानी ट्रेनों को परिवर्तित रूट से चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: रामनवमी पर रांची में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का एसएसपी ने लिया जायजा
अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें भी डायवर्ट
चोपन–रांची और रांची–चोपन एक्सप्रेस अलग-अलग तिथियों पर बदले मार्ग से चलेंगी। सासाराम–रांची और रांची–सासाराम एक्सप्रेस 24 से 31 मार्च तक लगातार डायवर्ट रूट पर रहेंगी। 26 मार्च को अजमेर–सांतरागाछी एक्सप्रेस टोरी–बरकाकाना–मुरी रूट से चलेगी। 30 मार्च को सांतरागाछी–अजमेर एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से संचालित होगी।
होली स्पेशल ट्रेनों पर ब्रेक
होली के मौके पर चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जिनमें टाटा–बक्सर, बक्सर–टाटा, टाटा–कटिहार और कटिहार–टाटा स्पेशल शामिल हैं। इसके अलावा सांतरागाछी–डिब्रूगढ़ और डिब्रूगढ़–सांतरागाछी के कुछ फेरे भी रद्द किए गए हैं।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करें। रूट डायवर्जन और ट्रेन रद्द होने के कारण यात्रा समय में बदलाव संभव है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।